लुधियाना में हाई-वोल्टेज ड्रामा: भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू हिरासत में

इस खबर को सुनें

 

लुधियाना में हाई-वोल्टेज ड्रामा: भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू हिरासत में, CM के काफिले पर अंडे-टमाटर दिखाकर किया था विरोध

यमुना टाइम्स ब्यूरो

लुधियाना / चंडीगढ़ :पंजाब की सियासत शनिवार को एक बार फिर गरमा गई। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को लुधियाना पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार शनिवार, 19 सितंबर 2026 को मुख्यमंत्री भगवंत मान लुधियाना स्थित पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (PAU) में ‘किसान मेले’ में शिरकत करने जा रहे थे। इसी दौरान PAU के मुख्य गेट पर रवनीत सिंह बिट्टू अपने समर्थकों के साथ पहले से मौजूद थे।

जैसे ही मुख्यमंत्री का काफिला वहां से गुजरा, बिट्टू और उनके समर्थकों ने काफिले के सामने अंडे, टमाटर और शराब की बोतलें दिखाकर जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। हंगामा बढ़ता देख मौके पर मौजूद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बिट्टू को हिरासत में लेकर अज्ञात स्थान पर ले गई।

सीएम पर तीखा तंज

विरोध के दौरान बिट्टू ने मुख्यमंत्री के काफिले की ओर शराब की बोतल दिखाते हुए तंज कसा और कहा कि मुख्यमंत्री अपनी शराब का आनंद लें और पंजाब की जिम्मेदारी अरविंद केजरीवाल को सौंप दें।

बदले की कार्रवाई?

बताया जा रहा है कि इस प्रदर्शन के पीछे एक दिन पहले की घटना है। 18 सितंबर को भाजपा की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के दौरान बटाला के पास बिट्टू के काफिले पर भी अंडे और टमाटर फेंके गए थे। बिट्टू ने उस हमले का आरोप आम आदमी पार्टी (AAP) कार्यकर्ताओं पर लगाया था। उसी का बदला लेने के लिए आज उन्होंने CM के काफिले का विरोध किया।

इस घटना के बाद भाजपा और AAP आमने-सामने आ गई है और पंजाब में सियासी पारा चढ़ गया है।

स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे