संघ को अपूरणीय क्षति: यमुनानगर के जिला संघचालक सेवाराम नहीं रहे
यमुना टाइम्स ब्यूरो
यमुनानगर (राकेश भारतीय )राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के लिए एक बेहद दुखद खबर। यमुनानगर के जिला संघचालक और 24 घंटे के स्वयंसेवक कहे जाने वाले *सेवाराम जी* का बुधवार सुबह आकस्मिक निधन हो गया।
बताया गया कि पिछले तीन दिनों से वे अपने पैतृक गांव रादौर (उत्तर प्रदेश) गए हुए थे। वहीं बुधवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ी और उन्होंने अंतिम सांस ली।
सुबह जब मॉडल टाउन के शास्त्री पार्क में गोविंद शाखा लगी, तो स्वयंसेवकों को जैसे ही यह मन को झकझोर देने वाली सूचना मिली, पूरी शाखा में शोक छा गया। सूचना मिलते ही सभी स्वयंसेवक तुरंत उनके पैतृक गांव के लिए रवाना हो गए और अंतिम संस्कार में शामिल हुए।
*बचपन से लेकर अंतिम सांस तक संघ के लिए समर्पित*
सेवाराम जी बाल्यकाल से ही संघ से जुड़े थे। श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन में उनकी भूमिका को आज भी याद किया जाता है। डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में प्रधानाचार्य रहते हुए भी उन्होंने खुद को राष्ट्र-सेवा में पूरी तरह झोंके रखा।
उनका एक ही मंत्र था – *“सबसे पहले राष्ट्र, फिर कुछ और।”* राष्ट्र के विकास से उन्होंने कभी समझौता नहीं किया।
उनके बेटे चेतन ने बताया कि सुबह अचानक तबीयत खराब हुई और देखते ही देखते सब खत्म हो गया।
उनके निधन पर गोविंद शाखा के पंडित उदयवीर शास्त्री, सीए रजनीश गर्ग, अविनाश भाटिया, प्रो. महेश, अजय त्यागी, बृज भूषण गोयल, तरुण शर्मा, प्रो. हेमंत मिश्रा, प्रो. विनय चंदेल सहित सभी स्वयंसेवकों ने कहा – “सेवाराम जी सिर्फ व्यक्ति नहीं, एक विचार थे। उनमें बस देशभक्ति की धुन थी।”
शादीपुर शाखा से भी सेवाराम जी का लंबे समय प्रवास रहा शादीपुर शाखा के राकेश जी, रवि जी अश्विनी जी आदि ने ने भावुक होते हुए कहा कि उनकी कमी संघ को हमेशा खलेगी, उनके सानिध्य में हजारों युवक देशसेवा से जुड़े।
अंतिम संस्कार में हरियाणा विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष मुकेश गर्ग, विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, मार्केट कमेटी अध्यक्ष राकेश त्यागी, रामनिवास गर्ग, एमसी शर्मा सहित हजारों लोग पहुंचे और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।













