विपक्ष का काम सरकार को आइना दिखाना, सत्ता पक्ष सड़क पर आए तो समझो सरकार बैकफुट पर :सेलजा
यमुनानगर, (राकेश भारतीय ): कांग्रेस महासचिव और सिरसा सांसद कुमारी सैलजा ने यमुनानगर में केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला। जिला कांग्रेस ग्रामीण कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ‘अराजकता’ वाले बयान पर पलटवार करने के साथ ही ईवीएम, वोटर लिस्ट से नाम कटने और घुसपैठियों के मुद्दे पर सरकार को घेरा। इस दौरान जिला अध्यक्ष नरपाल चौधरी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
अमित शाह के बयान पर पलटवार
सैलजा ने कहा कि राहुल गांधी पर अराजकता फैलाने का आरोप लगाना गलत है। लोकतंत्र में विपक्ष और मीडिया का काम सरकार को असलियत दिखाना है। उन्होंने कहा, “हम अपनी बात शांतिपूर्वक रख रहे हैं। हमने कभी कहीं कोई हिंसा नहीं की। शांतिपूर्वक अपनी बात रखना और लोगों को चेताना हमारा हक है। अगर कहीं हिंसा हुई भी है तो वह सत्ता पक्ष और फोर्सेज द्वारा करवाई गई है।”
“धनतेरस पर बाजार क्यों बंद करा रहे हो?”
व्यापारियों के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए सैलजा ने कहा कि पहले सत्ता पक्ष कहता था कि रामलीला मैदान में रैली से व्यापार प्रभावित होता है, प्रदर्शन मत करो। आज धनतेरस है, व्यापार का दिन है, फिर सत्ता पक्ष खुद ही बाजार क्यों बंद करा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि सत्ता में रहते हुए सौ-पचास मीटर चल कर और दुकानें बंद करवाकर, यातायात रोक कर सरकार क्या दिखाना चाहती है? दिल्ली में तो ऐसा कुछ नहीं हुआ, राहुल गांधी ने तो कहा था कि अगर दुकान खुली मिले तो शॉपिंग भी कर लेना।
‘वोट काटे 13 करोड़, घुसपैठिए मिले कितने? आंकड़े लाओ’
सैलजा ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार पर सबसे बड़ा हमला वोटर लिस्ट और घुसपैठियों को लेकर बोला। उन्होंने कहा, “आप वोट तो 13 करोड़ से ज्यादा काटते हो और बताते हो कि 3 करोड़ घुसपैठिए मिले। 12 साल से सत्ता में हो, तो आंकड़े सामने लाओ, संसद को बताओ, मीडिया को बताओ कि कितने घुसपैठिए पकड़े? वे आए कहां से?” उन्होंने कहा कि हर नागरिक का वोट का अधिकार है, अगर चुनाव आयोग उसे छीन रहा है तो उसे वापस दिलाना भी उसी की जिम्मेदारी है।
ईवीएम पर फिर उठाया सवाल, बैलेट पेपर की मांग दोहराई
सात राज्यों के चुनाव और ईवीएम को लेकर पूछे गए सवाल पर सैलजा ने कहा कि ईवीएम पर लोगों का शक क्यों है, कोई तो वजह होगी। चुनाव आयोग पारदर्शिता नहीं ला पा रहा, आखिर में वोट कैसे बढ़ गए, रिजल्ट कैसे आया, इसका जवाब नहीं दे रहा। इसलिए हमारी मांग है कि चुनाव बैलेट पेपर से होना चाहिए।
‘सत्ता पक्ष ही सड़क पर उतर आया तो समझो सरकार बैकफुट पर’
सैलजा ने कहा कि सरकार चलाना और सदन चलाना सत्ता पक्ष का काम है, लेकिन सदन नहीं चलने दिया जा रहा। विपक्ष का सदन के बाहर प्रोटेस्ट करना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन आज सत्ता पक्ष खुद सड़क पर उतर कर प्रोटेस्ट कर रहा है, इससे आप उनकी मेंटालिटी समझ लीजिए। ये पूरी तरह बैकफुट पर हैं।
उत्तराखंड-पंजाब में कांग्रेस सरकार का दावा
उन्होंने कहा कि कल राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे में लोगों में बदलाव की लहर दिखी। उन्हें पूरा विश्वास है कि पंजाब और उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनेगी। उत्तराखंड में डबल इंजन सरकार के बावजूद भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, बहन-बेटियों की असुरक्षा है, गांव भुतहा बन गए हैं।
संगठन पर बोलीं- नए और पुराने चेहरों को मिलेगा मौका
संगठन को लेकर पूछे गए सवाल पर सैलजा ने कहा कि हमारा प्रयास होगा कि सबका समन्वय बनाते हुए बैलेंस बनाया जाए। नए चेहरे भी आएंगे, पुराने भी रहेंगे, यूथ को भी मौका मिलेगा।













