पंजाब-हरियाणा में ईडी की बड़ी कार्रवाई, यमुनानगर के ट्रेवल एजेंट पर भी जांच की आंच
यमुना टाइम्स ब्यूरो
यमुनानगर (राकेश भारतीय) पंजाब और हरियाणा में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने अवैध इमिग्रेशन और धनशोधन से जुड़े मामलों में बड़ी कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार, ईडी ने दोनों राज्यों में कई ट्रेवल एजेंटों और उनसे जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई तथाकथित “डंकी रूट” नेटवर्क और उससे जुड़े आर्थिक लेन-देन की जांच के तहत की जा रही है।इसी क्रम में यमुनानगर में भी ईडी की टीम की गतिविधियों की पुष्टि हुई है।
सूत्रों के अनुसार, यमुनानगर में एक ट्रेवल एजेंट से जुड़े ठिकाने पर भी कार्रवाई की गई है। बताया जा रहा है कि संबंधित ट्रेवल एजेंट एजेंसी का संचालन करता है। हालांकि इस संबंध में ईडी की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है और जांच अभी जारी है।
सूत्रों का कहना है कि ईडी की टीमें अवैध तरीके से विदेश भेजने के मामलों,संदिग्ध वित्तीय लेन-देन,और ट्रेवल एजेंसियों की भूमिका से जुड़े दस्तावेज़ों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच कर रही हैं।
मिली रिपोर्ट के अनुसार, यह कार्रवाई पंजाब-हरियाणा में फैले एक बड़े नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने के प्रयास का हिस्सा है, जिसमें कई ट्रेवल एजेंट और बिचौलिये जांच के दायरे में बताए जा रहे हैं।अधिकारियों के मुताबिक, यह पूरा मामला धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत जांचाधीन है और आने वाले दिनों में और खुलासे संभव हैं।














