*जींद रियासत की रानी और पुत्रवधू पर धोखाधड़ी की FIR, नगर परिषद सचिव और पटवारी भी लपेटे में*
यमुना टाइम्स ब्यूरो
जींद :जींद की ऐतिहासिक रियासत से जुड़ा एक बड़ा धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। जींद राजघराने की रानी इंद्रजीत कौर और उनकी पुत्रवधू के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। इस मामले में नगर परिषद के सचिव और एक पटवारी का नाम भी सामने आया है।
*क्या है पूरा मामला ?*
मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता गोपीचंद ने आरोप लगाया था कि उसके साथ जमीन / प्लॉट की रजिस्ट्री को लेकर धोखाधड़ी की गई है। आरोप है कि जिस रजिस्ट्री का सौदा हुआ था, वो किसी और के नाम नहीं बल्कि गोपीचंद के बेटे राजेश की पत्नी के नाम करवा दी गई।
बाद में जब परिवार में विवाद हुआ तो गोपीचंद ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। अदालत के आदेश पर अब इस मामले में FIR दर्ज हुई है।
शिकायत में कहा गया है कि बिना सही दस्तावेजों के इंतकाल और रजिस्ट्री करवाई गई, जिसमें नगर परिषद सचिव और संबंधित पटवारी ने भी मिलीभगत कर फर्जी तरीके से फर्द और रजिस्ट्री में मदद की।
*रानी ने आरोपों को बताया बेबुनियाद*
इससे पहले जनवरी में जब इस मामले में रानी इंद्रजीत कौर को कोर्ट से समन जारी हुआ था, तब उन्होंने प्रेस वार्ता कर सभी आरोपों को गलत बताया था। उन्होंने कहा था कि गोपीचंद ने कई बातें छुपाई हैं। यह परिवारिक लड़ाई है। प्लॉट का सौदा पहले राजेश के साथ हुआ था और रजिस्ट्री भी परिवार की सहमति से हुई थी।
रानी ने कहा था कि उन्हें कानून पर पूरा भरोसा है और वे अदालत में अपना पक्ष रखेंगी।
फिलहाल पुलिस ने नगर परिषद सचिव और पटवारी सहित सभी आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।













