यमुना टाइम्स ब्यूरो
चंडीगढ़ :हरियाणा में फसल खरीद और खिलाड़ियों की अनदेखी को लेकर इनेलो के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने आज चंडीगढ़ में राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
राज्यपाल से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में अभय चौटाला ने प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा।
अभय चौटाला ने कहा कि प्रदेश की मंडियों में फसल की खरीद नहीं हो रही है। बारदाने की भारी कमी है, जिसके चलते किसानों की फसल सड़कों पर पड़ी सड़ रही है। उन्होंने कहा कि झज्जर की मंडी बाजरे से पूरी भरी पड़ी है, लेकिन उठान नहीं हो रहा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को प्रदेश की फिक्र ही नहीं है। सीएम को फुर्सत नहीं है, या तो वो विदेश में हैं या पंजाब में घूम रहे हैं। सरकार का ध्यान खेती पर नहीं, बल्कि कॉलोनियां काटने पर लगा हुआ है। हमने राज्यपाल को बताया कि सरकार कॉलोनियां काटने में व्यस्त है जबकि किसान परेशान है।
मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर सवाल उठाते हुए अभय ने कहा कि पोर्टल 2 दिन के लिए खुलता है और फिर बंद हो जाता है, इससे किसान अपना पंजीकरण भी नहीं करवा पा रहे।
अभय चौटाला ने कहा कि हमने राज्यपाल को बाजरा और धान की खरीद की समस्या बताई, लेकिन लगता है राज्यपाल को ये जानकारी ही नहीं है कि हमारे प्रदेश में कौन सी फसल कब बोई जाती है। हम बात बाजरे और धान की कर रहे थे और वे बात सरसों की कर रहे थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जाति विशेष को टारगेट करने का काम कर रही है।
जापान में खिलाड़ी मायूस मिले
एशियन गेम्स का जिक्र करते हुए अभय चौटाला ने कहा कि मैं जापान गया था, वहां मैंने पता किया कि क्या हरियाणा सरकार का कोई आदमी यहां खिलाड़ियों का हौंसला बढ़ाने के लिए आया है, तो पता लगा कि कोई नहीं आया। खिलाड़ी मायूस थे, बोले सहायता तो दूर की बात है, कोई हौंसला बढ़ाने भी नहीं आया।
उन्होंने ऐलान किया कि इनेलो एशियन गेम्स में मेडल जीतने वाले हरियाणा के खिलाड़ियों के लिए एक सम्मान समारोह करेगी और खिलाड़ियों को सम्मानित करने का काम करेगी।
मुख्यमंत्री पर हमला बोलते हुए अभय ने कहा कि मुख्यमंत्री जब तक सिंगापुर में रहे, तब तक उनका हेलीकॉप्टर स्टेडियम में खड़ा रहा। खिलाड़ियों के पास कोई और जगह नहीं है जहां वे खेल सकें।













