जैदी हत्याकांड में दो और आरोपियों को किया गिरफ्तार

इस खबर को सुनें

जैदी हत्याकांड में दो और आरोपियों को किया गिरफ्तार

यमुना टाइम्स ब्यूरो

यमुनानगर (राकेश भारतीय )हरभजन उर्फ जैदी हत्याकांड में यमुनानगर पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी है , गैंग को आर्थिक एवं अन्य सहायता उपलब्ध करवाने के आरोप में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है,अब तक कुल 08 आरोपी गिरफ्तारही चूके है ।
पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के कुशल मार्गदर्शन में अपराध शाखा -2 यमुनानगर की टीम द्वारा दिनांक 03.09.2026 को सुबह के समय मॉडल टाउन स्थित जिम के पास हुए हरभजन उर्फ जैदी हत्याकांड में लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।

 


डीएसपी रजत गुलिया ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में पुलिस द्वारा पहले ही छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें कुरुक्षेत्र निवासी आरोपी विशाल, जिसने वारदात में शामिल आरोपियों को अपनी मोटरसाइकिल उपलब्ध करवाई थी, तथा उसका साथी किशन, जो अन्य प्रकार की सहायता करने में शामिल था, को पहले गिरफ्तार किया गया था।
इसके पश्चात करीब 15 दिन पहले कुरुक्षेत्र निवासी आरोपी आर्यन एवं राकेश जब दोबारा किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में आए, तो थाना छप्पर एरिया में अपराध शाखा -2 की टीम द्वारा पुलिस मुठभेड़ के बाद दोनों आरोपियों को पैरों में गोली लगने से घायल होने के उपरांत हथियारों सहित काबू किया गया। ये दोनों आरोपी इस हत्याकांड में हथियार उपलब्ध करवाने तथा अन्य तकनीकी सहायता से संबंधित भूमिका में शामिल थे। इसके बाद नीलोखेड़ी, करनाल निवासी आरोपी मोहित एवं मनीष को भी इस मामले में गिरफ्तार किया गया था, जो हत्या की वारदात को अंजाम देने के लिए पूर्व योजना के तहत यमुनानगर आए थे।
इस प्रकार पुलिस द्वारा अब तक कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। मामले में आगे की जांच के दौरान सामने आया कि बाहर बैठे बदमाशों के हैंडलरों तथा स्थानीय स्तर पर उनके सहयोगियों द्वारा अपराध को बढ़ावा देने के लिए तकनीकी एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जा रही थी।
जांच में विदेश में बैठे बदमाशों से जुड़े जगाधरी निवासी गर्विश नंदा के नेटवर्क से संबंधित महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए। इसी क्रम में साक्ष्यों के आधार पर अपराध शाखा -2 की टीम ने आरोपी गर्विश नंदा के भाई रुशील नंदा तथा उसकी माता को गिरफ्तार किया। आरोप है कि दोनों ने वारदात में शामिल आरोपियों को रैकी एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने में सहयोग किया था। पुलिस जांच में इनके द्वारा पूर्व में भी गैंग के अन्य साथियों के लिए पैसों का लेन-देन किए जाने के तथ्य सामने आए हैं। इस संबंध में संबंधित साक्ष्य एवं लेन-देन का रिकॉर्ड जांच में शामिल किया गया है।
गिरफ्तार महिला आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि आरोपी रुशील नंदा को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था, जिसकी अवधि आज समाप्त हो रही है। मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई नियमानुसार अमल में लाई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक यमुनानगर की ओर से आमजन के लिए संदेश
जिला यमुनानगर पुलिस स्पष्ट करना चाहती है कि अपराधियों को किसी भी प्रकार की सहायता उपलब्ध करवाने वाले व्यक्ति के विरुद्ध भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कोई भी व्यक्ति यह न समझे कि बाहर बैठकर अपराधियों को आर्थिक, तकनीकी या अन्य सहायता उपलब्ध करवाकर वह कानून की कार्रवाई से बच सकता है।
आमजन से अपील है कि जाने-अनजाने किसी भी अपराधी या आपराधिक गिरोह को किसी प्रकार की सहायता न दें और न ही उनकी आपराधिक गतिविधियों में शामिल हों। यमुनानगर पुलिस द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। इस मामले में शेष बकाया आरोपियों की भी शीघ्र अति शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे