पूर्व मंत्री कंवरपाल के ‘फर्जी वीडियो’ वाले बयान पर आदर्श पाल का पलटवार, कहा – संस्कारी नहीं, भ्रष्टाचारी है पूर्व मंत्री
यमुना टाइम्स ब्यूरो
यमुनानगर ( राकेश भारतीय ) आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष आदर्श पाल सिंह ने आज अपने आवास पर दोबारा पत्रकार वार्ता कर पूर्व मंत्री चौधरी कंवरपाल गुर्जर पर अब तक के सबसे गंभीर आरोप लगाए।

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय परिषद सदस्य आदर्श पाल सिंह ने भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व शिक्षा मंत्री चौधरी कंवरपाल गुर्जर पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें भ्रष्टाचारी तक करार दिया है।
बता दें कि आदर्श पाल सिंह, जो हरियाणा के पूर्व DGP के भाई भी हैं, पिछले दिनों जगाधरी में प्रेस वार्ता कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कंवरपाल गुर्जर के कार्यकाल में जगाधरी विधानसभा क्षेत्र में विकास के नाम पर बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है और सत्ता का दुरुपयोग किया गया है।इस मामले में आदर्श पाल सिंह ने एक वीडियो का भी हवाला दिया था, जिसमें एक व्यक्ति द्वारा लगाए गए आरोपों को लेकर चर्चा तेज हो गई थी।वहीं इस पूरे मामले पर पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने कड़ा जवाब दिया था । कंवरपाल गुर्जर ने कहा था कि
“मैंने कभी किसी के खिलाफ केस दर्ज नहीं कराया। साजिश मैंने नहीं रची, बल्कि एक फर्जी वीडियो बनवाकर मुझे और मेरे परिवार को बदनाम करने का प्रयास किया गया।”उन्होंने यह भी बताया था कि जगाधरी के पास एक गांव में एक व्यक्ति ने आत्महत्या की थी, जिसके नाम पर झूठी वीडियो तैयार की गई थी, जो पुलिस लैब की जांच में फर्जी साबित हो चुकी है। FIR रद्द होने को लेकर उन्होंने कहा कि यह किसी दबाव में नहीं, बल्कि आपसी समझौते और कानूनी प्रक्रिया के तहत हुई है।

आपको बता दें कि आदर्श पाल सिंह जगाधरी से AAP के टिकट पर 2024 का विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं, इससे पहले वह BSP से भी चुनाव लड़कर 47,988 वोट लेकर तीसरे नंबर पर रहे थे। वह जगाधरी की राजनीति में कंवरपाल गुर्जर और अकरम खान के धुर विरोधी माने जाते है
आज फिर से आदर्श पाल सिंह ने पत्रकार वार्ता कर कंवरपाल के पलटवार पर पलटवार किया उन्होंने कंवरपाल पर आज तक का सबसे तीखा हमला करते हुए सिलसिलेवार कई आटोप लगाए,
1. DGP वाले बयान पर सफाई: कंवरपाल ने कहा था कि मौजूदा DGP होने के कारण आदर्श पाल पर केस नहीं कर सकते। इस पर आदर्श पाल ने कहा – _”26 तारीख को मेरे भाई को DGP शिप से हटाकर जेल विभाग में लगाया गया था और 27 तारीख को इन्होंने रामनाथ को क्राइम ब्रांच में उल्टा लटकाकर मेरा नाम लिखवाया था। मेरे भाई ने हमेशा मान-मर्यादा से नौकरी की, उन्होंने कहा कोर्ट में जाकर बेल कराओ। मैंने बेल कराई, मुकदमा लड़ा, इनके गवाह भाग गए।”
2. समझौते पर सवाल: कंवरपाल ने कहा था कि मोहजिज आदमियों ने समझौता कराया। आदर्श पाल ने चुनौती दी – “मोहजिज आदमी कौन था? जंगशेर के साथ कौन था? अगर मैं उस आदमी का नाम लूंगा तो इनको चुल्लू भर पानी में नाक डुबोकर मरना पड़ेगा। अगली PC में मैं बताऊंगा वो कौन था। मेरे पास तो सिर्फ कागज आया कोठी पर कि साइन कर दो।”
3. संपत्ति जांच की मांग: सबसे बड़ा आरोप लगाते हुए आदर्श पाल ने कहा – “ये संस्कारी नहीं, भ्रष्टाचारी हैं। इनकी संपत्ति की जांच करा लो। इसके भाई अशोक कुमार, भाई शिव कुमार, समधी कमर सरपंच (पूर्व सरपंच देवधर) और दामाद अभिषेक की प्रॉपर्टी की जांच करा लो। 2014 में क्या था और आज क्या है, पता लग जाएगा। अगले महीने 4 नाम और दूंगा।”
4. माइनिंग और जमीनों पर कब्जा: आदर्श पाल ने आरोप लगाया – _”इन्होंने हर स्टोन क्रशर में 25% फ्री का हिस्सा लिया। इरीगेशन की जमीन, पंचायत की जमीन नहीं छोड़ी। हुड्डा सरकार में लोगों ने अपनी सिफारिश से जो पटरियां बनवाई थीं, वो तक नहीं छोड़ी। जिस कॉलोनी में रहते हैं उसमें आज भी 7 प्लॉट हैं।”
Rti एक्टिविस्ट चिराग सिंघल ने भी लगाए आरोप:
प्रेस वार्ता में मौजूद चिराग सिंघल ने कहा कि उन्होंने 2023 में ताजेवाला बैराज पार्क में हुए भ्रष्टाचार की खबर लगवाई थी – _”सवा करोड़ का पार्क आज 3.5 साल बाद भी बदहाल है, साढ़े चार करोड़ की झील में एक भी बोट नहीं चली। इसलिए प्रीति जौहर को आगे करके मुझ पर IT एक्ट का फर्जी केस दर्ज कराया, जो अदालत ने डिस्चार्ज कर दिया। रात को AK-47 लेकर पुलिस घर भेजी गई।”
आदर्श पाल ने अंत में मांग की कि कंवरपाल और उनके परिवार की संपत्तियों की ED और विजिलेंस जांच हो, साथ ही खैर के पेड़ों की कटाई में हुई अधिकारियों की सस्पेंशन की भी जांच हो। बहरहाल आदर्श पाल द्वारा पूर्व मंत्री कंवरपाल पर लगाए इन आरोपों से यमुनानगर की राजनीति की फिजाओं को सर्दी आने से पूर्व ही गर्म कर दिया है और देखना है कि अब आदर्श पाल द्वारा लगाए आरोपों का कंवर पाल क्या जवाब देते हैं?













