₹657 करोड़ के कथित बैंक घोटाले में ‘लव एंगल’ ने खोली पैसों की नई परत!

इस खबर को सुनें
₹657 करोड़ के कथित बैंक घोटाले में ‘लव एंगल’ ने खोली पैसों की नई परत!
डांसर को हर महीने ₹10 लाख देने का दावा, दिल्ली में करीब ₹4 करोड़ का घर, दुबई तक लग्जरी सफर… CBI के सामने महिला के बयान से सामने आई चौंकाने वाली कहानी
 यमुना टाइम्स ब्यूरो
चंडीगढ़/नई दिल्ली ( राकेश भारतीय )
हरियाणा और चंडीगढ़ के सरकारी खातों से जुड़े कथित ₹657 करोड़ के बैंक घोटाले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे कथित पैसे के इस्तेमाल की नई परतें सामने आ रही हैं। इसी जांच में अब आरोपी बैंक अधिकारी रिभव ऋषि की एक महिला मित्र के साथ कथित रिश्ते और उस पर किए गए भारी-भरकम खर्च का विवरण सामने आया है।
ताजा रिपोर्टों के अनुसार  महिला ने CBI के समक्ष दिए बयान में दावा किया कि रिभव ऋषि ने उसे अगस्त 2025 से जनवरी 2026 तक हर महीने करीब ₹10 लाख दिए। महिला के मुताबिक कुल करीब ₹56 लाख उसे दिए गए। उसका कहना था कि ऋषि ने उसे डांस से होने वाली अपनी आय छोड़ने के लिए कहा था।
चंडीगढ़ के कार्यक्रम से शुरू हुई मुलाकात
CBI के सामने दिए गए महिला के बयान के अनुसार उसकी रिभव ऋषि से पहली मुलाकात मार्च-अप्रैल 2025 के दौरान चंडीगढ़ के एक कार्यक्रम में हुई थी, जहां वह डांसर के रूप में मौजूद थी। इसके बाद जयपुर के एक फार्महाउस कार्यक्रम और फिर 5 जुलाई 2025 को मुंबई के St. Regis होटल में दोनों की मुलाकात हुई।
महिला के अनुसार, मुंबई में ऋषि ने उससे प्रेम का इजहार किया और शादी करने का भरोसा दिया। उसने कथित तौर पर खुद को इवेंट प्लानर, चावल के आयात-निर्यात से जुड़ा कारोबारी और IDFC First Bank का ब्रांच मैनेजर बताया था।
द्वारका में करोड़ों का मकान
जांच में सामने आए बयान के अनुसार 18 जुलाई 2025 को दिल्ली के द्वारका में एक मकान के लिए ₹1 लाख टोकन मनी दी गई।महिला के बयान के मुताबिक मकान के लिए लगभग ₹3.10 करोड़ नकद दिए गए, जिसमें उसने करीब ₹49 लाख लगाए थे और बाकी रकम रिभव ऋषि की ओर से दिए जाने का दावा है। इसके अलावा करीब ₹90 लाख और दिए जाने थे, जिसमें से ₹65 लाख भुगतान किए जाने की बात कही गई। महिला ने CBI को बताया कि वह 2 जनवरी 2026 से इस मकान में रह रही थी।
मकाऊ, थाईलैंड और दुबई तक सफर
महिला के बयान में महंगे होटलों और विदेश यात्राओं का भी जिक्र है। रिपोर्ट के मुताबिक दोनों ने चंडीगढ़, दिल्ली और गोवा के कई लग्जरी होटलों में समय बिताया।अगस्त 2025 में मकाऊ और फिर थाईलैंड जाने की बात सामने आई। नवंबर 2025 में दुबई यात्रा के दौरान Burj Al Arab में ठहरने का भी दावा किया गया है। महिला के अनुसार दुबई में ऋषि उसे एयरपोर्ट के पास बने एक नए 4-BHK डुप्लेक्स विला में ले गया और भविष्य में उसके साथ दुबई में बसने की बात कही। जनवरी 2026 में दोनों की दोबारा दुबई यात्रा और Toyota Land Cruiser बुक किए जाने का भी बयान में उल्लेख है।
जेड मैनर की पार्टियों में लाखों रुपये खर्च होने का दावा
CBI के सामने महिला ने जिरकपुर स्थित Jade Manor में आयोजित पार्टियों के बारे में भी जानकारी दी। उसके मुताबिक इन कार्यक्रमों में 5-6 महिला डांसरों को बुलाया जाता था और एक पार्टी पर औसतन ₹15 से ₹20 लाख तक खर्च होने का दावा है। महिला ने आरोप लगाया कि कुछ सरकारी अधिकारी इन कार्यक्रमों में डांसरों पर नकदी उड़ाते थे। हालांकि ये सभी बातें महिला के बयान और जांच एजेंसी के आरोपों पर आधारित हैं; अदालत में इनका अंतिम निर्धारण होना बाकी है।
असल सवाल—₹657 करोड़ कहां गए?
यही इस पूरे मामले का सबसे बड़ा सवाल है।CBI के अनुसार रिभव ऋषि ने कथित तौर पर कई सरकारी खातों से कम से कम 25 फर्जी डेबिट ट्रांजैक्शन के जरिए ₹187.35 करोड़ की रकम निकलवाई। जांच एजेंसी के अनुसार कथित रकम शेल कंपनियों और दूसरे माध्यमों से आगे भेजी गई।
CBI के आरोपों के अनुसार रिभव ऋषि के निजी खाते में कथित तौर पर शेल कंपनियों से करोड़ों रुपये पहुंचे, जबकि उसकी पत्नी के खाते में भी ₹18.32 करोड़ पहुंचने का दावा किया गया है।
महिला CBI की महत्वपूर्ण गवाह
इस मामले में महिला की भूमिका फिलहाल गवाह के रूप में सामने आई है। CBI ने उसका Samsung Z Fold मोबाइल फोन भी जांच के दौरान जब्त किया है। उसके बयान से कथित तौर पर आरोपी की यात्राओं, पार्टियों, संपत्ति और पैसों के इस्तेमाल से संबंधित जानकारियां जांच एजेंसी तक पहुंची हैं।
गर्लफ्रेंड को कथित ₹56 लाख, द्वारका की करोड़ों की संपत्ति, महंगे होटल और विदेश यात्राओं की जानकारी CBI के सामने दिए गए महिला के बयान से सामने आई है। इन आरोपों को अदालत में साबित होना अभी बाकी
यमुना टाइम्स की टिप्पणी:
इस मामले की असली कहानी किसी कथित प्रेम संबंध से कहीं बड़ी है। असली सवाल यह है कि सरकारी धन किस प्रक्रिया से निकला, किन खातों में पहुंचा, किन लोगों को लाभ मिला और आखिरकार उस रकम का पूरा मनी ट्रेल कहां तक जाता है? जांच और न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ इन सवालों के जवाब सामने आना महत्वपूर्ण होगा।
स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे