पटियाला-मोहाली में ED की बड़ी रेड: फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश, विदेश में करोड़ों की मनी लॉन्ड्रिंग का शक
यमुना टाइम्स ब्यूरो
यमुनानगर, 16 सितंबर ( राकेश भारतीय )
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आज सुबह पंजाब में बड़ी कार्रवाई करते हुए पटियाला और मोहाली में कई ठिकानों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई चंडीगढ़ जोनल ऑफिस की तरफ से फर्जी कॉल सेंटर और मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में की गई है।
पटियाला में कहाँ रेड हुई?
ED की टीम ने पटियाला के अर्बन एस्टेट फेज-2 की कमर्शियल मार्केट में स्थित शोरूम नंबर 8, 9 और 10 को सील कर दिया है। यहाँ ‘DM Web Based Solutions’ और ‘Flying Feathers’ के नाम से दफ्तर चल रहे थे। बताया जा रहा है कि दिन में यहाँ IELTS की क्लासें लगती थीं और रात में अमेरिका के लोगों को ठगने वाला अवैध कॉल सेंटर चलता था। मौके से कंप्यूटर, डिजिटल रिकॉर्ड और दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
मोहाली कनेक्शन
मोहाली के सेक्टर-82 और सेक्टर-108 (Emaar) स्थित एक ठिकाने पर भी ED ने दबिश दी। ED के अनुसार इसी नेटवर्क से विदेशी नागरिकों को फर्जी टेक्निकल सपोर्ट के नाम पर ठगा जाता था और पैसा PayPal, Stripe, Bitcoin और हवाला के जरिए विदेश भेजा जाता था।
कैसे ठगते थे?
जांच में सामने आया है कि आरोपी अमेरिकी नागरिकों को फेक ईमेल भेजते थे – “आपके PayPal अकाउंट में अवैध लेनदेन हुआ है”। डराकर कस्टमर केयर नंबर पर कॉल करवाते, फिर गिफ्ट कार्ड और ऑनलाइन पेमेंट के जरिए 100 से 1000 डॉलर तक वसूल लेते थे। यह पैसा बाद में अमेरिका की शेल कंपनियों में भेज दिया जाता था।
क्या बरामद हुआ?
सूत्रों के अनुसार ED ने करीब 20 लाख रुपये कैश और 50 लाख रुपये के बैंक बैलेंस को फ्रीज किया है। कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस भी कब्जे में ली गई हैं।
क्या हरियाणा कनेक्शन है?
सोशल मीडिया पर इस मामले को एक IPS अधिकारी और हरियाणा के रसूखदारों से जोड़ा जा रहा है, लेकिन ED की आधिकारिक जानकारी में इसकी पुष्टि नहीं हुई है। IPS से जुड़ा जो मामला सामने आ रहा है वह सस्पेंडेड DIG हरचरण सिंह भुल्लर का है, जिसमें ED ने पहले ही अलग कार्रवाई की थी। आज की रेड में फिलहाल हरियाणा के किसी ठिकाने या अधिकारी का नाम आधिकारिक रूप से शामिल नहीं है, लेकिन हवाला नेटवर्क होने के कारण जांच का दायरा बढ़ सकता है।
ED की जांच अभी जारी है।














