यमुना टाइम्स ब्यूरो
यमुनानगर (राकेश भारतोय )यमुना ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट्स में नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत हेतु सीनियर विद्यार्थियों द्वारा भव्य फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा। सीनियर्स ने नए साथियों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उन्हें कॉलेज परिवार का अभिन्न हिस्सा बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. वीरेंद्र पाल तथा प्रबंधन की ओर से अध्यक्ष चौधरी इंद्रपाल सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया।
“विद्यार्थी बनें सर्वगुण संपन्न” – डॉ. वीरेंद्र पाल
अपने संबोधन में डॉ. वीरेंद्र पाल ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में छात्रों को केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कॉलेज जीवन के ये सुनहरे पल दोबारा नहीं आते, इसलिए हर क्षण को पूरी ऊर्जा और सकारात्मकता के साथ जीना चाहिए।
विजेताओं को स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि द्वारा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर श्रीमती मनिंदर कौर, अर्जुन चौधरी, कपिल गुप्ता सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
फ्रेशर पार्टी ने नए विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और अपनापन भर दिया तथा पूरे परिसर में उत्साह और सौहार्द का वातावरण बना दिया।
देखें विद्यार्थियों की प्रतिभा का यह कार्यक्रम
















