600 रुपये भाव नहीं तो हरियाणा में कोई मिल नहीं चलने देंगे: चढूनी
सरकार को दी खुली चेतावनी, कहा – कल से गन्ना नहीं देगा कोई किसान
यमुना टाइम्स ब्यूरो
यमुनानगर, 16 नवंबर (राकेश भारतीय ): सरस्वती शुगर मिल के बाहर किसानों का अनिश्चितकालीन धरना जारी है। मुख्यमंत्री नायब सैनी से बातचीत बेनतीजा रहने के बाद किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी धरना स्थल पर पहुंचे और मीडिया से बातचीत में सरकार को सीधी चेतावनी दी।
चढूनी ने कहा कि किसानों की मांग है कि गन्ने का रेट बढ़ाकर 600 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए। जब तक ये मांग पूरी नहीं होती, धरना जारी रहेगा।
6 साल से रेट नहीं बढ़ा, मिलों पर गन्ना पड़ा रह गया*
चढूनी ने कहा कि पिछले 6 सालों से गन्ने का रेट बिल्कुल नहीं बढ़ा है या मामूली बढ़ा है। इसका नतीजा ये है कि किसी मिल पर 2 महीने का, किसी पर 3 महीने का और किसी पर 4 महीने का गन्ना रह गया है।
सरकारी आंकड़ों से ही बनता है 600 रुपये भाव
चढूनी ने कहा कि सरकार के अपने आंकड़ों के हिसाब से ही गन्ने की लागत 455-460 रुपये आती है। चीनी के भाव से तुलना करें तो हमारा रेट 600 रुपये बनता है।
उन्होंने कहा, “मोदी जी के वादे पर जाएं कि लागत का डेढ़ गुना देंगे, तो 450 की लागत का डेढ़ गुना 700 रुपये बन गया। हम तो 600 ही मांग रहे हैं।”
चढूनी ने आरोप लगाया कि सरकार ने लागत में ट्यूबवेल और मशीनरी का खर्चा नहीं जोड़ा है। 10-15 साल में ट्यूबवेल बैठ जाता है और फिर 4 लाख रुपये लगते हैं। 10 किले में 10 लाख का सामान है, उसका ब्याज भी नहीं जोड़ा गया। ऐसे में 15-20 रुपये बढ़ाना कैसे संभव हो सकता है?
*गन्ना घटा तो धान बढ़ेगा, नुकसान सरकार का होगा*
चढूनी ने समझाया कि अगर गन्ना घटा तो धान बढ़ेगा। एक एकड़ धान में सरकार की 5-6 हजार रुपये की बिजली लगती है। इस बार धान ज्यादा हुआ तो सरकार ने खरीदने से ही इंकार कर दिया। मंडियों में धान पड़ा है, खरीद बंद कर दी। इसका संतुलन बनाना है तो गन्ने का भाव बढ़ाना ही पड़ेगा, दूसरा कोई रास्ता नहीं है।
*पंजाब का रेट आएगा ज्यादा, CM की होगी किरकिरी*
पंजाब का उदाहरण देते हुए चढूनी ने कहा कि कल पंजाब का रेट अभी नहीं आया, लेकिन आएगा और कंफर्म हरियाणा से कई गुना ज्यादा बढ़ेगा। जब पंजाब का रेट ज्यादा बढ़ेगा तो हरियाणा का मुख्यमंत्री पंजाब में जाकर क्या बोलेगा? इसीलिए मुख्यमंत्री अपनी इज्जत अपने हाथ में रखें और रेट बढ़ाएं। ये हरियाणा, किसान और शुगर मिलों, सबके फायदे में है।
तर्क करने की खुली चुनौती
चढूनी ने सरकार को खुली चुनौती दी कि वो अपने सारे अधिकारियों को साथ बिठा लें और तर्क कर लें कि किस आधार पर 15 रुपये बढ़ाए। उन्होंने कहा कि 70 प्रतिशत चीनी उद्योग में जा रही है। 5 मेंबरों के परिवार को साल में 60 किलो चीनी नहीं लगती। 60 किलो चीनी के 1200 रुपये पड़ते हैं, मतलब 100 रुपये प्रति महीना। क्या 100 रुपये प्रति महीने से महंगाई बढ़ गई?
*सबसे बड़ा ऐलान – कल से कोई मिल नहीं चलने देंगे*
आखिर में चढूनी ने सबसे बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि कल 17 तारीख को मिल चालू होनी है, लेकिन कोई किसान गन्ना नहीं देगा।
“कोई मिल नहीं चलने देंगे हरियाणा के अंदर। रोकेंगे जनता के बल पर रोकेंगे। हम गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं कि इस भाव में गन्ना हम ना बेचेंगे, ना आगे बोएंगे।”
उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन बल प्रयोग करता है, तो किसान पीछे नहीं हटेंगे। लाठी मारेंगे, गोली मारेंगे, जेल ले जाएंगे, जो करना है करें। हम अपना अधिकार मांग रहे हैं, देश हित की बात कर रहे हैं।












