चार  दिन में दूसरी बार कपाल मोचन क्यों आ रहे हैं CM सैनी?

इस खबर को सुनें
चार  दिन में दूसरी बार कपाल मोचन क्यों आ रहे हैं CM सैनी? निशाना यमुनानगर नहीं, पंजाब का मालवा है!
 यमुना टाइम्स ब्यूरो
यमुनानगर (राकेश भारतीय)श्री कपाल मोचन तीर्थ मेले में सोमवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी फिर आ रहे हैं। चार  दिन में ये उनका दूसरा दौरा होगा। 20 नवंबर को केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने मेले का शुभारंभ किया था, अब कल खुद सीएम तीनों पवित्र सरोवरों में स्नान करेंगे और ड्रोन शो देखेंगे।
सवाल ये है – एक ही मेला, एक ही हफ्ता, और सीएम दो-दो बार क्यों?जवाब यमुनानगर में नहीं, पंजाब के मालवा में छिपा है।
कपाल मोचन अब सिर्फ मेला नहीं, BJP का राजनीतिक मंच बन गया है
आजादी के बाद से अब तक कपाल मोचन मेले में सिर्फ दो मुख्यमंत्री पहुंचे थे। नायब सिंह सैनी तीसरे हैं, लेकिन फर्क ये है कि वो 4 दिन में दूसरी बार आ रहे हैं। इस बार सरकार ने मेले को भव्य आयोजन का स्वरूप दिया है। पांच दिन मंत्रियों, सांसदों और विधानसभा अध्यक्ष के पहुंचने का कार्यक्रम तय है। साफ है, BJP अब कपाल मोचन को हरियाणा का ‘मिनी कुंभ’ बनाना चाहती है।
असली खेल मालवा का है
पंजाब में 2027 में विधानसभा चुनाव हैं। पंजाब की 117 सीटों में से 69 सीटें मालवा क्षेत्र की हैं, यानी कुल सीटों की 59%। 2022 में AAP ने मालवा की 69 में से 66 सीटें जीती थीं। कांग्रेस को 2 और अकाली दल को 1 सीट मिली थी।
इसलिए कपाल मोचन में पंजाब के श्रद्धालुओं की भारी भीड़ BJP के लिए वोट बैंक नहीं, बल्कि सीधा संदेश है। मेला यमुनानगर में लगता है, लेकिन श्रद्धालु मानसा, बठिंडा, पटियाला, लुधियाना, मोगा, फिरोजपुर से आते हैं। यानी वही मालवा, जहां 2027 की लड़ाई लड़ी जाएगी।
सैनी का ‘सिख चेहरा’ और BJP की नई रणनीति
 इस बार मेले में पंजाब से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या सबसे ज्यादा है। मेले में पीढ़ियों पुरानी रस्में निभाई जा रही हैं – कोई 22 साल से आ रहा है, कोई पीढ़ी खरीद रहा है। BJP इसी आस्था को अपनी राजनीतिक जमीन से जोड़ रही है।
विपक्ष कहेगा – ये धर्म की राजनीति है।
BJP कहेगी – ये आस्था का सम्मान है, जो पहले की सरकारों ने नहीं दिया।सच क्या है? ये तो 2027 में मालवा की जनता ही बताएगी,लेकिन एक बात तय है – मुख्यमंत्री का 4 दिन में दो बार कपाल मोचन आना, सिर्फ स्नान के लिए नहीं है। ये पंजाब के मालवा के लिए हरियाणा से दिया जा रहा सबसे बड़ा राजनीतिक संदेश है।
आपको क्या लगता है – ये आस्था है या 2027 की तैयारी?
स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे