मोदी जी का सवाल सही है, लेकिन आईना पहले सरकार को देखना होगा!
यमुना टाइम्स ब्यूरो
यमुनानगर (राकेश भारतीय)प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्योगपतियों को आईना दिखाया, तो तालियां बजनी चाहिए। उन्होंने बिल्कुल सही पूछा – जब सरकार ने कॉरपोरेट टैक्स 30% से घटाकर 22% कर दिया, तो कंपनियों ने कर्मचारियों की सैलरी क्यों नहीं बढ़ाई? मुनाफा बढ़ा, कैश 12.8 लाख करोड़ हो गया, लेकिन फैक्ट्री मजदूर की असली कमाई सिर्फ 0.7% बढ़ी।
ये बात सराहनीय है। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यहीं से शुरू होता है।क्या सरकार खुद इस कसौटी पर खरी उतरती है? हरियाणा में ही देख लीजिए। सरकार ने पक्की भर्ती बंद करके हरियाणा कौशल रोजगार निगम – HKRN बना दिया। उसी दफ्तर में, उसी टेबल पर, उसी फाइल पर काम करने वाले दो कर्मचारी हैं।
एक पक्का कर्मचारी – वेतन 75,000 से 80,000 रुपये, पेंशन, मेडिकल, छुट्टी, सुरक्षा सब कुछ।दूसरा HKRN वाला कर्मचारी – वेतन सिर्फ नाममात्र… ना पक्की नौकरी, ना पेंशन, ना भविष्य की सुरक्षा।
काम दोनों का बराबर, जिम्मेदारी दोनों की बराबर, ड्यूटी दोनों की बराबर। फर्क सिर्फ इतना है कि एक को सरकार ने अपना माना, दूसरे को ठेके पर रख लिया।
अब बताइए, जब सरकार खुद अपने ही कर्मचारियों को मिनिमम वेतन भी नहीं दे रही, तो उद्योगपति से क्या उम्मीद करेगी? उद्योगपति तो यही कहेगा – “मोदी जी, आप करो, हम देख लेंगे।”
यमुनानगर के ही सरकारी दफ्तरों, स्कूलों, अस्पतालों, नगर निगम में जाकर देखिए, आधे से ज्यादा काम HKRN वाले ही संभाल रहे हैं। डीसी दफ्तर से लेकर बिजली विभाग तक, वही युवा फाइलें उठा रहे हैं, वही जनता को जवाब दे रहे हैं, लेकिन महीने के अंत में हाथ में क्या आता है । इस महंगाई में घर चलता है क्या? मकान का किराया, बच्चों की फीस, बूढ़े मां-बाप की दवा – कहां से आएगी?
विपक्ष तो यही कह रहा है कि सरकार ने HKRN के नाम पर युवाओं को ठेके पर धकेल दिया है। और सत्ता पक्ष के नेता मंच से कहते हैं – “हमने बिना पर्ची-बिना खर्ची नौकरी दी।” सवाल ये है कि बिना पर्ची वाली नौकरी अगर ठेके वाली नौकरी है, तो क्या ये युवाओं के साथ न्याय है?
मोदी जी ने उद्योगपतियों को सही नसीहत दी है, लेकिन अब जरूरत है कि पहले सरकार अपने घर से शुरुआत करे। HKRN कर्मचारियों को समान काम का समान वेतन दे, उन्हें पक्का करने की नीति बनाए। जब सरकारी दफ्तर में बैठा HKRN वाला कर्मचारी खुश होगा, तभी वो उद्योगपति को भी कह पाएगा – “देखो, सरकार ने करके दिखाया, अब तुम्हारी बारी है।”
नहीं तो ये कहानी वही रहेगी – “मोदी जी आप करो, हम देख लेंगे।” और बीच में पिसेगा बेचारा आम कर्मचारी, चाहे वो फैक्ट्री में हो या सरकारी दफ्तर में HKRN पर।













