डिग्री आपके ज्ञान का प्रमाण देती है, लेकिन आपका चरित्र आपके जीवन का परिचय देता है- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
यमुनानगर में आयोजित उत्कर्ष 2026 कार्यक्रम में पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, मेधावी विद्यार्थी व खिलाडिय़ों को किया सम्मानित
मुख्यमंत्री जी ने कहा युवा शक्ति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प की सबसे मजबूत नींव
यमुना टाइम्स ब्यूरो
यमुनानगर ( राकेश भारतीय )
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरू नानक खालसा कॉलेज यमुनानगर में आयोजित उत्कर्ष 2026 कार्यक्रम में बोलते हुए कहा कि श्री गुरु नानक देव जी की पवित्र शिक्षाओं से प्रेरित इस शिक्षण संस्थान में आकर मेरा हृदय गर्व, आत्मीयता और आशा से भर गया है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि श्री गुरु नानक खालसा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस ने वर्षों से शिक्षा के माध्यम से जिस सामाजिक चेतना का निर्माण किया है, वह वास्तव में राष्ट्र निर्माण की एक प्रेरणादायी यात्रा है। उन्होंने 160 मेधावी विद्यार्थी व खिलाडिय़ों को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित करते हुए कहा कि मुझे इस मंच पर तीन ऐसे दृश्य एक साथ दिखाई दे रहे हैं, जो किसी भी समाज के उज्ज्वल भविष्य की पहचान होते हैं। एक ओर वे विद्यार्थी हैं, जिन्होंने अपनी प्रतिभा और परिश्रम से कॉलेज और विश्वविद्यालय में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया है। दूसरी ओर वे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने खेल के मैदान में अपने पसीने को पदकों में बदलकर हरियाणा और भारत का गौरव बढ़ाया है और तीसरी ओर वे युवा हैं, जिनके हाथों में आज रोजगार के नियुक्ति पत्र हैं।











