Cm के कार्यक्रम के तहत आज जगाधरी में बंद रहेंगे यह मार्ग
यमुनानगर :26 जुलाई को ‘नशे के विरुद्ध मैराथन’ के चलते यमुनानगर में रहेगा रूट डायवर्जन, यातायात पुलिस की अपील
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि 26 जुलाई (रविवार) को यमुनानगर में आयोजित होने वाली ‘नशे के विरुद्ध मैराथन’ के सफल एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर यातायात व्यवस्था में विशेष बदलाव किए गए हैं। आमजन की सुविधा और कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न मार्गों पर रूट डायवर्ट किया जाएगा। उन्होंने वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने तथा यातायात पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि 25 जुलाई को जगाधरी बस स्टैंड से अग्रसेन चौक होते हुए मटका चौक तक का मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। अंबाला की ओर से आने वाले जो वाहन मटका चौक के रास्ते कलानौर की ओर जाते हैं, उन्हें कचरा प्लांट से डायवर्ट किया जाएगा। ये वाहन कचरा प्लांट से मिहिर भोज चौक, जगाधरी और अग्रसेन चौक होते हुए कलानौर की ओर जा सकेंगे। वहीं, कलानौर से अंबाला की ओर जाने वाले वाहनों को हाईवे के माध्यम से अपने गंतव्य तक जाने की सलाह दी गई है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने आगे बताया कि 26 जुलाई को कचरा प्लांट से मटका चौक, अग्रसेन चौक होते हुए कलानौर तक का मार्ग हल्के एवं भारी सभी प्रकार के वाहनों के लिए पूर्ण रूप से बंद रहेगा। इस दौरान अंबाला से कलानौर जाने वाले सभी वाहन हाईवे का उपयोग करेंगे। इसी प्रकार कलानौर से प्रताप नगर जाने वाले वाहन भी हाईवे के रास्ते कैल की ओर से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
उन्होंने कहा कि मैराथन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और यातायात संचालन के लिए जिला पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी विभिन्न स्थानों पर तैनात रहेंगे। वाहन चालकों से अनुरोध है कि यात्रा पर निकलने से पहले रूट डायवर्जन की जानकारी अवश्य प्राप्त करें, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन करें।
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कार्यक्रम के दौरान अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें और पुलिस द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पालन कर आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करें। इससे यातायात सुचारू रहेगा और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।








