सांसद नवीन जिन्दल ने जयपुर पोलो ग्राउंड में कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के लोगों का किया आत्मीय स्वागत
सांसद नवीन जिन्दल के निमंत्रण पर पोलो मैच देखने पहुंचे कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के लोग
यमुना टाइम्स ब्यूरो
रादौर : 20 मार्च ( राकेश भारतीय ) सांसद नवीन जिन्दल के निमंत्रण पर, कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र से सैकड़ों लोग वीरवार को दिल्ली के जयपुर पोलो ग्राउंड में आयोजित रोमांचक पोलो मैच का आनंद लेने पहुंचे। इस अवसर पर सांसद नवीन जिन्दल ने अपने सभी साथियों और समर्थकों का अत्यंत गर्मजोशी और आत्मीयता के साथ स्वागत किया। इस आयोजन ने न केवल खेल प्रेमियों को एकजुट किया गया, बल्कि क्षेत्रीय एकता और जनसंपर्क का भी सशक्त उदाहरण प्रस्तुत किया गया।

सांसद नवीन जिन्दल ने इस मौके पर उपस्थित सभी लोगों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कुरुक्षेत्र की जनता का यह स्नेह और विश्वास उनके लिए सबसे बड़ी पूंजी है। ऐसे आयोजन सामाजिक जुड़ाव को मजबूत करते हैं।
इस पोलो मैच की खास बात यह रही कि खेल के दौरान अचानक बारिश शुरू हो गई। हालांकि मौसम की इस चुनौती ने मैच के उत्साह को कम नहीं किया। दोनों टीमों के खिलाड़ी पूरे जोश और समर्पण के साथ मैदान में डटे रहे, वहीं दर्शक दीर्घा में बैठे सैकड़ों दर्शक भी बिना अपनी जगह छोड़े मैच का आनंद लेते रहे। बारिश के बीच खेल का यह अद्भुत नजारा सभी के लिए यादगार बन गया।

मैच के समापन के बाद सांसद नवीन जिन्दल ने व्यक्तिगत रूप से अपने समर्थकों और साथियों से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि वे सुरक्षित तरीके से अपने घरों की ओर लौटें और सड़क सुरक्षा के नियमों का पूरी तरह पालन करें।

उल्लेखनीय है कि जिन्दल पैंथर और ऑप्टिमस अचीवर्स टीम के बीच हुए मैच की कमेंट्री करते हुए शरद सक्सेना ने बताया कि विश्व के 76 देशों में पोलो खेला जाता है। लगभग 175 साल पहले 1850 के आसपास अंग्रेजी सेना के अफसर ने मणिपुर के ग्रामीण क्षेत्र में लोगों को वहां का पारंपरिक खेल खेलते देखा । जिसे देखकर उन्होंने इसे मॉडिफाई करके पोलो का रूप दे दिया। आधुनिक समय में, देश में पोलो को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सांसद नवीन जिन्दल प्रयासरत हैं। यह आयोजन खेल, समर्पण और जनसंपर्क का एक संगम साबित हुआ, जिसमें सांसद नवीन जिन्दल की सक्रिय भूमिका और जनता के साथ उनका आत्मीय जुड़ाव स्पष्ट रूप से देखने को मिला।











