यमुनानगर के बल्लेवाला मार्केट में जोरदार धमाका, कबाड़ी की दुकान पर वेल्डिंग के दौरान हादसा
एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल, इलाके में दहशत
यमुना टाइम्स ब्यूरो
यमुनानगर ( राकेश भारतीय ) प्रतापनगर क्षेत्र से सटे बल्लेवाला (बालेवाला) मार्केट में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कबाड़ी की एक दुकान पर गैस वेल्डिंग के दौरान जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना भीषण था कि इसकी आवाज करीब दो किलोमीटर तक सुनाई दी, जबकि आसपास के मकानों का प्लास्टर झड़ गया और जमीन में गहरा गड्ढा बन गया।
जानकारी के अनुसार, कबाड़ी की दुकान के बाहर खुले में लोहे के कबाड़ की गैस वेल्डिंग की जा रही थी। इसी दौरान कबाड़ में मौजूद किसी संदिग्ध विस्फोटक वस्तु पर चिंगारी पड़ गई, जिससे अचानक तेज विस्फोट हो गया। हादसे में वहां काम कर रहे दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान पंकज और मोंटी के रूप में हुई है। दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान पंकज ने दम तोड़ दिया, जबकि मोंटी की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
धमाके के बाद आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। लोग घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। घटना स्थल स्टोन क्रेशर जोन के पास होने के कारण विस्फोट की तीव्रता और अधिक महसूस की गई। मौके पर मलबा दूर-दूर तक फैल गया।
सूचना मिलते ही प्रतापनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस को कबाड़ में ब्लास्टिंग सामग्री या पुराना विस्फोटक होने की आशंका है। फिलहाल फॉरेंसिक जांच और तकनीकी टीम की मदद से धमाके के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह धमाका दिन के समय होता, जब बाजार में भारी भीड़ रहती है, तो बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कबाड़ की दुकानों में वेल्डिंग से पहले सामग्री की पूरी जांच अवश्य कराई जाए।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं से जांच जारी है।










