इस खबर को सुनें

बुढ़िया दयालगढ़ रियासत की राजकुमारी किरण की अंतिम अरदास सम्पन्न, जन-समुदाय ने नम आँखों से दी विदाई

यमुना टाइम्स ब्यूरो

यमुनानगर (राकेश भारतीय )बुढ़िया दयालगढ़ रियासत की राजकुमारी किरण की अंतिम अरदास एवं भोग आज उनके निवास स्थान पर गहन श्रद्धा और भावनात्मक वातावरण के बीच सम्पन्न हुए।

उनके निधन की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और समाज के हर वर्ग ने राजकुमारी की स्मृतियों और उनके मानवीय स्वभाव को याद करते हुए नम आँखों से अंतिम विदाई दी।

कार्यक्रम में राजनीति, समाजसेवा और धार्मिक संस्थानों से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने पहुंचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इनमें प्रमुख रूप से कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला, विधायक चौधरी अकरम खान, पूर्व विधायक चौधरी अर्जुन सिंह, कांग्रेस जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, भाजपा नेता सतपाल सिंह रोजी, भाजपा महिला मोर्चा की जिला महामंत्री मनोरमा चौधरी, समाजसेवी आज़ाद रामलाल, तथा बुढ़िया मदरसा के पीर समेत अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।

 

समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने भावभीनी शब्दों में राजकुमारी किरण के जीवन, संघर्ष और सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि वह एक ऐसी देवी-स्वरूप महिला थीं, जिन्होंने अपनी पहचान किसी राजसी विरासत से नहीं, बल्कि अपनी दयालुता, सादगी और समाज के प्रति समर्पण से बनाई। चाहे ज़रूरतमंद की मदद करनी हो, किसी गरीब बेटी की शादी करवानी हो या सामाजिक कार्यों में योगदान देना—राजकुमारी किरण हमेशा सबसे आगे रहती थीं।

इस कठिन घड़ी में छोटी राजकुमारी राजन सिंह को सभी ने सांत्वना दी और उन्हें धैर्य व शक्ति प्रदान करने की कामना की। वक्ताओं ने कहा कि राजकुमारी किरण केवल एक नाम नहीं थीं, बल्कि एक भावना थीं—मानव सेवा, विनम्रता और प्रेम की जीवंत प्रतिमूर्ति।

उनकी याद में लोगों की आँखें नम थीं, पर दिलों में यह संतोष भी था कि उन्होंने अपना पूरा जीवन दूसरों के लिए जिया। समाज के बड़ों ने कहा कि राजकुमारी के जाने से जो खालीपन पैदा हुआ है, उसे भर पाना कठिन होगा, पर उनकी सीख और उनके द्वारा दिखाया गया मानवीय मार्ग हमेशा लोगों को प्रेरित करता रहेगा।

कार्यक्रम के अंत में सभी ने दिवंगत राजकुमारी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और उनके अधूरे कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

ईश्वर दिवंगत आत्मा को चिर शांति प्रदान करे। उनकी स्मृतियाँ और आदर्श सदैव समाज का मार्गदर्शन करते रहेंगे।

 

स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे