एनकाउंटर में मारे गए कुख्यात रोमिल वोहरा का घर होगा ध्वस्त

इस खबर को सुनें

एनकाउंटर में मारे गए कुख्यात रोमिल वोहरा का घर होगा ध्वस्त, निगम ने चस्पाया नोटिस

बिना नक्शा पास कराए बनाया हुआ है रोमिल वोहरा के पिता कपिल वोहरा ने मकान

तीन जून, दस जून व 16 जून को पहले जारी कर चुका है नगर निगम कपिल वोहरा का नोटिस

15 दिन में कोई जवाब न देने पर नगर निगम ध्वस्त करेगा रोमिल वोहरा का घर

यमुना टाइम्स ब्यूरो

यमुनानगर (राकेश भारतीय ) गुरुग्राम में एनकाउंटर में मारे गए खेड़ी लक्खा सिंह में हुए तिहरे हत्याकांड, शाहबाद में कारोबारी की हत्या समेत विभिन्न मामलों में वांछित कुख्यात रोमिल वोहरा के घर को नगर निगम द्वारा ध्वस्त किया जाएगा। नगर निगम द्वारा मंगलवार को कुख्यात रोमिल वोहरा के अशोक विहार कॉलोनी में बनाए गए घर पर नोटिस चस्पा दिया गया। नगर निगम के डीटीपी मनोज कुमार का कहना है कि रोमिल वोहरा के पिता कपिल वोहरा द्वारा यह मकान बिना नक्शा पास कराए अवैध कब्जा कर बनाया गया है। नगर निगम आयुक्त अखिल पिलानी के निर्देशों पर नोटिस चस्पाने की कार्रवाई की गई है।

साथ ही रोमिल वोहरा के परिजनों को 15 दिन के भीतर अवैध कब्जा हटाने के आदेश जारी किए गए है। निर्धारित समय अवधि में यदि कब्जा नहीं हटाया गया तो नगर निगम द्वारा उनके घर को ध्वस्त कर दिया जाएगा। इससे पहले भी नगर निगम जून 2024 में कुख्यात काला कबाड़ी की अवैध संपत्ति कर ध्वस्त कर चुका है।

 

नगर निगम डीटीपी मनोज कुमार द्वारा रोमिल वोहरा के पिता कपिल वोहरा के नाम नोटिस जारी किया गया। डीटीपी मनोज कुमार ने बताया कि कुछ दिन पहले नगर निगम की भवन शाखा द्वारा नगर निगम के वार्ड नंबर 21 का दौरा किया गया। निरीक्षण में कांसापुर रोड स्थित अशोक विहार कॉलोनी में कपिल वोहरा के 54.689 गज में बने मकान का निर्माण अवैध पाया गया। यह मकान बिना नक्शा पास कराए बनाया गया। इस वजह से इसे अवैध घोषित किया जाता है। इस संबंध में नगर निगम द्वारा मकान मालिक रोमिल वोहरा के पिता कपिल वोहरा को तीन जून को नोटिस जारी किया था, लेकिन उस समय नोटिस लेने के लिए घर पर कोई नहीं था। जिस पर नोटिस घर के बाहर दीवार पर चस्पाया गया था। नोटिस में अवैध रूप से बनाए मकान को खाली करने के आदेश दिए गए थे और 10 जून को निगम कार्यालय में पेश होकर संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के आदेश दिए थे। लेकिन नोटिस पर कपिल वोहरा न तो निगम कार्यालय में आए और न ही कि उन्होंने किसी के माध्यम से अपना पक्ष या दस्तावेज प्रस्तुत किए। इसके बाद दूसरा नोटिस 16 जून को जारी किया गया। अब मंगलवार को तीसरा और अंतिम नोटिस जारी किया गया है।

जिसमें कपिल वोहरा को 15 दिन के भी मकान को खाली करने के आदेश जारी किए गए है। 15 दिन के बाद अवैध निर्माण को नगर निगम द्वारा ध्वस्त कर दिया जाएगा।

 

स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे