यमुनानगर: खेलते-खेलते छत से गिरा डेढ़ वर्षीय मासूम देव, सिर में गंभीर चोट से मौत, अस्पताल में परिजनों का हंगामा
यमुना टाइम्स ब्यूरो
यमुनानगर (यमुना टाइम्स संवाददाता):
शहर के रूपनगर इलाके में देर रात एक दर्दनाक हादसे में डेढ़ वर्ष के मासूम बच्चे की मौत हो गई। मृतक बच्चे की पहचान देव (उम्र लगभग 1.5 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि देव अपने 5 वर्षीय बड़े भाई रुद्र के साथ घर की छत पर खेल रहा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वह छत से नीचे गिर गया। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई।
परिजन बच्चे को तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसे भर्ती किया गया। परिजनों का आरोप है कि शाम करीब 7 बजे तक अस्पताल की ओर से बच्चे की स्थिति को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। इसके बाद रात करीब 8 बजे अस्पताल स्टाफ ने बताया कि बच्चे की हालत गंभीर है और उसे वेंटिलेटर पर डाला जाएगा।
परिजनों के अनुसार, वे बच्चे की स्थिति को लेकर लगातार जानकारी मांगते रहे, लेकिन रात करीब 9 बजे उन्हें अचानक यह सूचना दी गई कि देव की मौत हो चुकी है। बच्चे की मौत की खबर सुनते ही परिजनों और रिश्तेदारों का गुस्सा फूट पड़ा और अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ।
सेल्समेन का काम करने वाले मृतक बच्चे के पिता घनश्याम के दो ही बच्चे थे। छोटे बेटे देव की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस और अस्पताल प्रशासन मौके पर पहुंचा और परिजनों को शांत कराने का प्रयास किया गया। परिजनों ने अस्पताल पर इलाज में लापरवाही और सही समय पर जानकारी न देने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
वहीं अस्पताल प्रशासन का कहना है कि बच्चे की हालत बेहद नाजुक थी और चिकित्सकों ने उसे बचाने का हर संभव प्रयास किया। पुलिस ने मामले की जानकारी लेते हुए कहा कि घटना की जांच की जा रही है और परिजनों के आरोपों को भी जांच में शामिल किया जाएगा।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है













