कांग्रेस को सपने में भी दिखती है जजपा:लाठर

इस खबर को सुनें

यमुनानगर : कांग्रेस में शामिल होने वाले हर कार्यकर्ता या नेता को जननायक जनता पार्टी से जुड़ा बताकर कांग्रेस अपने मानसिक दिवालियापन को दर्शा रही है।


उक्त शब्द जननायक जनता पार्टी के जिला प्रेस प्रवक्ता ओपी लाठर ने जननायक जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष चौधरी अर्जुन सिंह के कार्यालय में बैठक करने के उपरांत प्रेस को जारी एक बयान में कहे। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने को छटपटा रही कांग्रेस को सपने में भी जननायक जनता पार्टी दिखाई देती है जिसके चलते वह पार्टी में शामिल होने वाले हर कार्यकर्ता को जजपा का बताते हैं। लाठर ने कहा कि जननायक जनता पार्टी की लोकप्रियता एवं उनसे बड़ी संख्या में जुड़ रहे लोगों के प्रेम का ही परिणाम है कि कांग्रेस उठते बैठते, खाते पीते, जागते सोते जननायक जनता पार्टी की लोकप्रियता के बारे में ही सोचती है और झल्लाहट में पार्टी से जुड़े हर कार्यकर्ता को जजपा का कार्यकर्ता बताती है। ओपी लाठर ने कहा कि ताजा प्रमाण यमुनानगर से जुड़े मंगतराम कपूर का है जो पहले इनेलो में वरिष्ठ पदाधिकारी रहे उसके पश्चात कुछ समय के लिए जजपा में अवश्य आए लेकिन उन्हें कार्यकारिणी में शामिल किया लेकिन विधानसभा चुनाव से पहले वह निष्क्रिय हो चुके थे तथा जजपा में किसी पद पर नहीं थे ।लेकिन कांग्रेसी नेता कपूर के पार्टी में शामिल होने को जजपा को बड़ा झटका आदि बयान देकर जनता को भ्रमित कर रहे हैं। लाठर ने कहा कि यमुनानगर की जनता भूपेंद्र सिंह हुड्डा के मुख्यमंत्री काल को भूली नहीं है जब उनके मुख्यमंत्री रहते यमुनानगर के लोग आए दिन सड़कों पर चोटिल होते थे। सहारनपुर कुरुक्षेत्र मार्ग की हालत इतनी दयनीय थी कि यहां तो लोग पर्यटन के लिए सड़क पर किश्ती चलाने की सोचने लगे थे क्योंकि हल्की सी बारिश में भी यहां की सड़कें तालाब बन जाती थी। लाठर ने जोर देकर कहा कि मंगतराम कपूर जजपा के किसी भी पद पर नहीं थे इसलिए कांग्रेस को अपने मानसिक दिवालियापन को दर्शाने से बचना चाहिए। लाठर ने कहा कि कांग्रेस एक डूबता जहाज है इसके बावजूद इसमें सवार होने वाले कार्यकर्ताओं की पृष्ठभूमि के बारे में कांग्रेस को अवश्य ज्ञान होना चाहिए कि वह किस दलसे आए हैं।
इस अवसर पर पार्टी के जिला अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक चौधरी अर्जुन सिंह युवा जजपा नेता चौधरी भूपेंद्र सिंह दमन शर्मा आदि उपस्थित रहे।

स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे