जिले में पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा हथिनीकुंड बैराज पर बोटिंग और पर्यटन से जुड़ी गतिविधियां होगी शुरू।
सीएम मनोहर लाल 8 नवंबर को हथिनीकुंड बैराज से पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों की करेंगे शुरुआत।
कलेसर नेशनल पार्क में पेट्रोलिंग हेतु C.S.R. के तहत वन विभाग को मिली महिंद्रा थार।
वन एवं पर्यटन मंत्री कंवर पाल ने हरी झंडी दिखा कर किया थार गाड़ी को रवाना।
एसपी गंगा राम पुनिया भी साथ में रहे मौजूद।
यमुना टाइम्स ब्यूरो
यमुनानगर ( राकेश भारतीय)पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यमुना नगर के हथिनीकुंड बैराज क्षेत्र को विकसित किया जाएगा। हरियाणा सरकार ने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए इस दिशा में काम शुरू कर दिया है।जल्द ही पर्यटक यहां पर्यटन से जुड़ी कई गतिविधियों का आनंद ले सकेंगे।
हरियाणा के यमुनानगर जिले में स्तिथ नेशनल पार्क कलेसर हरियाणा का सबसे बड़ा वन क्षेत्र है। इसके अलावा यहां पर हथिनीकुंड बैराज है जिसमें सारा साल पानी रहता है। ऐसे में यमुनानगर में पर्यटन की बहुत ज्यादा संभावनाएं है। बहुत जल्दी जिले में पर्यटन की दृष्टि से बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। यह बात वन एवं पर्यटन मंत्री कंवरपाल ने सोमवार को जगाधरी स्थित अपने आवास पर मीडिया को संबोधित करते हुए कही। इससे पहले पर्यटन मंत्री कंवरपाल ने वन विभाग को एक थार गाड़ी भी भेंट की। इस गाड़ी की मदद से वन सुरक्षाकर्मी नेशनल पार्क कलेसर की पेट्रोलिंग करेंगे। यह गाड़ी महिंद्रा कंपनी ने सीएसआर फंड के तहत वन विभाग को उपलब्ध कराई है। कंवरपाल गुर्जर ने इस गाड़ी को हरी झंडी देकर रवाना किया। इस मौके पर एसपी गंगाराम पूनिया भी मौजूद रहे।
वन एवं पर्यटन मंत्री कंवर पाल ने इस मौके महिंद्रा कंपनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महिंद्रा कंपनी ने हरियाणा के सबसे बड़े वन क्षेत्र कलेसर के लिए थार गाड़ी उपलब्ध करवाई है। क्योंकि यह 4/4 गाड़ी है और जिस प्रकार का जंगल का रास्ता और पहाड़ी क्षेत्र है
निश्चित तौर पर पेट्रोलिंग करने में इसका हमें लाभ मिलेगा।
वन एवं पर्यटन मंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार बहुत जल्द ही कलेसर जंगल में सफारी को शुरू करने जा रही है। कोरोना महामारी के समय लोगों की सुरक्षा को देखते हुए इसे बंद कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि हथिनी कुंड बैराज के पास करोड़ों रुपए की लागत से पार्क बनाया गया है। इसे पर्यटन को विकसित करने के उद्देश्य से ही तैयार कराया गया है। यहां रोजाना सैकड़ो की संख्या में पर्यटक प्रकृति के मनोहर वातावरण का लुत्फ उठा सकेंगे। इसमें और बढ़ोतरी हो इसके लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल 8 नवंबर को हथिनीकुंड बैराज पर आएंगे। बैराज पर पर्यटन के लिए और क्या-क्या विकास कार्य हो सकते हैं इसके लिए मुख्यमंत्री पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री पर्यटन को लेकर मौके पर कोई बड़ी घोषणा भी कर सकते हैं। वही हथिनीकुंड बैराज पर पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बोटिंग शुरू की गई है जिसका रोजाना काफी लोग अपने परिवार के साथ लुत्फ उठा सकेंगे। हरियाणा के साथ लगते राज्य हिमाचल, उत्तराखंड और पंजाब से भी पर्यटक यहां पर आयेंगे जिससे हरियाणा के पर्यटन को और बढ़ावा मिलेगा।
इस मौके पर वन विभाग से वीरेंद्र गिल उप वन संरक्षक यमुनानगर,संजीव कश्यप वन राजिक अधिकारी जगाधरी,सतबीर सिंह वन दरोगा,शिव चरण वन दरोगा, अशोक सिंह वन दरोगा, अंकित दुहन वन रक्षक,जनेश वन रक्षक,पुलिस विभाग से एमटीओ धर्मेंद्र सिंह,टी एस आई रणधीर, एसआईएस लोकेश राणा ये सब उपस्थित रहे।