मेयर ने गधौली में बन रहे कचरा ट्रांसफर स्टेशन का लिया जायजा

इस खबर को सुनें
कचरा ट्रांसफर स्टेशन बनने से बेहतर होगी सफाई व्यवस्था- मदन चौहान
– मेयर ने गधौली में बन रहे कचरा ट्रांसफर स्टेशन का लिया जायजा
– निगम एरिया में बनाए जाएंगे तीन कचरा ट्रांसफर स्टेशन
यमुना टाइम्स ब्यूरो
यमुनानगर( राकेश भारतीय) शहर में कचरा उठान की समस्या के समाधान के लिए नगर निगम एरिया में तीन कचरा ट्रांसफर स्टेशन बनाए जाएंगे। जहां कालोनियों व मोहल्ले से कचरे का उठान कर छोटे वाहनों के माध्यम से बड़े वाहनों में ट्रांसफर किया जाएगा। बड़े वाहनों के माध्यम से यह कचरा निस्तारण प्लांट तक पहुंचाया जाएगा। नगर निगम की ओर से एक कचरा ट्रांसफर स्टेशन का निर्माण तेजली खेल परिसर के पीछे गधौली के नजदीक किया जा रहा है। वीरवार को मेयर मदन चौहान ने अतिरिक्त निगमायुक्त धीरज कुमार, एक्सईएन विकास धीमान, एमई मुनेश्वर भारद्वाज, जेई मनीष चौहान व अन्य के साथ निर्माणाधीन कचरा ट्रांसफर स्टेशन का जायजा लिया।
मेयर मदन चौहान ने अधिकारियों को निर्माण कार्य जल्द से जल्द निपटाने और कार्य में कोई कोताही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कचरा ट्रांसफर स्टेशन बनने से शहर से कचरे के उठान में तीव्रता आएगी और सफाई व्यवस्था बेहतर व सुदृढ़ होगी।
मेयर मदन चौहान ने बताया कि शहर से कचरे का त्वरित उठान हो और गंदगी की समस्या न रहे, इसके लिए नगर निगम प्रयासरत है। कचरा उठान के लिए प्रथम चरण में तीन कचरा ट्रांसफर स्टेशन बनाने की योजना है। एक का निर्माण तेजली खेल परिसर के नजदीक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह डंपिग प्वाइंट नहीं होगा। यहां केवल शहर की विभिन्न कालोनियों, मोहल्लों व गलियों से आने वाले कचरे को छोटे वाहनों से बड़े वाहनों में ट्रांसफर किया जाएगा। इसमें डोर टू डोर कचरा उठाने वाले टिप्पर व रेहड़ियों के माध्यम से कचरा पहुंचेगा। फिर उसे रैंप के माध्यम से बड़े वाहन में डाल दिया जाएगा। भरने के बाद बड़ा वाहन कचरा निस्तारण प्लांट में जाएगा। वहीं, छोटे वाहन दोबारा अपने वार्ड की अन्य कालोनियों से कचरे का उठान करेंगे। ट्रांसफर स्टेशन नजदीक होने से टिप्पर व रेहड़ी के चक्कर बढ़ेंगे। इससे अधिक एरिया से कचरा का उठान किया जाएगा। ट्रांसफर स्टेशन में कचरा एकत्रित नहीं किया जाएगा। केवल कचरे का छोटे वाहन से बड़े वाहन में ट्रांसफर किया जाएगा। इसलिए यहां गंदगी नहीं फैलेगी। स्टेशन को पूरी तरह कवर किया जाएगा, ताकि बारिश व धूप में भी कार्य प्रभावित न हो।
स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे